पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भिजवाया जेल
गोरखपुर। शहर में ई-रिक्शा की बैट्री चोरी कर कबाड़ की दुकान में बेचने वाले शातिरों को कोतवाली पुलिस ने रविवार को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने 14 चोरी की बैट्री बरामद किया। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगालते हुए उनके गिरोह की जानकारी ले रही है।
शहर में इन दिनों ई-रिक्शा से बैट्री चोरी की घटनाएं बढ़ गईं थीं। कोतवाली पुलिस के पास पीड़ित पहुंचकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। रविवार को कोतवाल छत्रपाल सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक सौरभ मौर्या ने दो बैट्री की चोरी की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें से एक की पहचान कानपुर नगर के सांड थाने पटरा भदेनवा गांव निवासी राज कुमार के रूप में हुई। वह गीडा क्षेत्र में रहता था। वहीं दूसरे की पहचान देवरिया जिले के खामपार थाने के सिरिसिया गांव निवासी योगेश मिश्रा के रूप हुई। वह सहजनवां के भीटीरावत में रहता है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी के 14 ई-रिक्शा की बैट्री बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी योगेश मिश्रा ने बताया कि वह एक कबाड़ की दुकान पर काम करता है। राजकुमार ई-रिक्शा की बैट्री चुराकर उसके काम करने वाली दुकान बेचता था। दोनों आरोपियों को जेल भिजवाने के बाद पुलिस उनका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।