पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने दिए निर्देश, गोरखपुर, छपरा, लखनऊ और वाराणसी में बनाए गए हैं होल्डिंग एरिया
गोरखपुर। छठ और इसके बाद भी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों का प्लेटफॉर्म नहीं बदलेगा। स्पेशल ट्रेनों को भी जिस प्लेटफॉर्म पर से चलाया जाएगा उसकी सूचना पहले से लगातार एनाउंस सिस्टम से दी जाएगी। अगर इसमें लापरवाही होती है संबंधित रेलकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों को होल्डिंग एरिया में ही टिकट और नाश्ता-भोजन की सुविधा उपलब्ध कराया गया है ताकि उन्हें इसके लिए प्लेटफॉर्म तक न जाना पड़े।
रेलवे प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मास्टर प्लान बनाया है। इसके तहत सबसे ज्यादा फोकस ट्रेनों को निर्धारित प्लेटफॉर्म से ही चलाना है। इसके अलावा गोरखपुर जंक्शन पर दिल्ली और मुंबई जाने वाली प्रमुख ट्रेनों को प्लेटफॉर्म एक, दो, आठ व नौ से चलाने का निर्णय लिया गया है। बहुत सारी स्पेशल ट्रेनें एक फेरे के लिए चलाई जा रही हैं और विलंब हो जा रही हैं। इसलिए, इन ट्रेनों की सूचनाएं लगातार प्रसारित करना है ताकि यात्रियों को समय से जानकारी हो सके। गोरखपुर, छपरा, लखनऊ और वाराणसी में होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं यहां यात्रियों को सारी सुविधाएं मुहैया करानी है। होल्डिंग एरिया से ही यात्रियों को स्टॉल पर चाय, बिस्किट, नाश्ता व जनता भोजन भी मुहैया कराया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने इस संंबंध में दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अधिकारियों से लगातार निगरानी को कहा है।
-
कोट
ट्रेनों को तय प्लेटफॉर्म से ही संचालित किया जाना है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। होल्डिंग एरिया में यात्री सुविधाएं बढ़ाई गई है, इसकी निगरानी लगातार वार रूम से की जा रही है।
- पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ-एनईआर