महेवा मंडी में ज्यादातर सब्जियों के दाम में आई कमी
गोरखपुर। पिछले दिनों लाल हुए टमाटर के भाव में फिर कमी आई है। दाम अब 100 रुपये से घटकर 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है। अन्य सब्जियों की कीमतों में भी 10 से 20 रुपये तक की कमी आई है। मंडी में सब्जियों की आवक बढ़ने के कारण सब्जियों के दाम में कमी आई है।
महेवा मंडी में टमाटर की आवक जिले से बाहर व स्थानीय क्षेत्रों से अब बढ़ रही है। इस कारण दाम में कुछ दिनों से नरमी देखने को मिल रही है। पूर्वांचल के कई जिलों में कम बारिश के कारण सब्जियों का उत्पादन बढ़ा है। फुटकर बाजार में टमाटर 50 रुपये किलो, सतपुतिया 30, बोड़ा 50, लौकी 30, परवल 50 से 60 रुपये, नेनुआ 30 व बैंगन 40 से 50 रुपये किलो हो गया है। पिछले दिनों इन सभी सब्जियों की कीमतें 10 से 20 रुपये अधिक थीं।
महेवा मंडी के व्यापारी रमजान मेकरानी ने बताया कि इस समय सब्जियों की आवक पहले से ज्यादा है। इससे सब्जियों के दाम में कुछ कमी आई है। फुटकर व्यापारी महेंद्र राव ने बताया कि टमाटर का दाम अब 50 रुपये किलो हो गया है। इस कारण टमाटर की बिक्री भी बढ़ गई है। पहले दाम 100 रुपये किलो होने से बिक्री बहुत कम हो गई थी।