कल से दिन बड़ा और रात होगी छोटी
गोरखपुर। सौर मंडल में शुक्रवार को विशेष खगोलीय घटना होगी। खगोलविद के मुताबिक, शुक्रवार को सूर्य के भूमध्य रेखा पर होने से दिन और रात 12-12 घंटे की होंगी। 22 मार्च से दिन बड़े और रातें छोटी होनी शुरू हो जाएंगी।
वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला के खगोलविद अमरपाल सिंह ने बताया कि वर्ष में दो बार दिन और रात के बराबर होते हैं। सूर्य उत्तरायण के मध्य और दक्षिणायन के मध्य आने से दिन व रात 12-12 घंटे के होते हैं। पृथ्वी 23.5 अंश झुकी हुई स्थिति में सूर्य के चारों ओर परिक्रमा करती है। इससे कर्क, भूमध्य व मकर रेखा के बीच सूर्य की गति दृष्टिगोचर होती है। इसी स्थिति में 21 मार्च और 23 सितंबर को सूर्य भूमध्य रेखा पर लंबवत रहता है। वहीं, 23 सितंबर को सूर्य दक्षिणी गोलार्ध में प्रवेश करेगा। पृथ्वी अपने उत्तरायण पक्ष को 187 दिन में पूरा करती है। 21 मार्च से 23 सितंबर तक धीमी और 23 सितंबर से 21 मार्च तक गति तीव्र हो जाती है। इससे यह पक्ष 178 दिन में ही पूरा हो जाता है। उन्होंने बताया कि पृथ्वी तीन जनवरी को सूर्य के सबसे ज्यादा नजदीक और चार जुलाई को सबसे ज्यादा दूर होती है।