गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में पंत पार्क के सामने से चोरों ने बाइक उड़ा लिया। आरोप है कि बाइक को रोकने की कोशिश की तो चारों ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सिविल कोर्ट के अधिवक्ता अमित कुमार शुक्ल ने तहरीर में बताया कि बुधवार शाम 6 बजे कचहरी से विश्वविद्यालय चौराहे की तरफ जा रहे थे। पंत पार्क के पास बाइक खड़ी कर एक दुकान पर चाय पीने चले गए। आरोप है कि तभी गौरव मिश्र आकर बाइक पर बैठ गया और चोरी की नीयत से चाबी लगाकर स्टार्ट कर दिया। आरोप है कि जब उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने काॅल कर दीपक पांडेय, अनुभव शाही व तीन अन्य साथियोें को बुला लिया। मौके पर पहुंचे युवकों में से एक ने तमंचा निकाल जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। ब्यूरो