पांचवें दिन भी सरैया डिस्टिलरी में डेरा जमाए रही विजिलेंस की टीम
विभाग से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी भी रहे मौजूद, जरूरी दस्तावेजों की कराई जा रही फोटो कॉपी
सरदारनगर। पंजाब के शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया की संपत्तियों की जांच में जुटी पंजाब विजिलेंस की टीम बुधवार को भी सरैया डिस्टिलरी में डेरा जमाए रही। सूत्रों के अनुसार टीम डिस्टिलरी के लेखा विभाग में मौजूद एक-एक पन्ने की जांच पड़ताल कर जरूरी दस्तावेजों को अपने पास रखकर उसका फोटोकाॅपी करा रही है।
विजिलेंस की आठ सदस्यीय टीम बुधवार सुबह 11 बजे होटल से सीधे सरैया डिस्टिलरी पहुंची। करीब छह घंटे तक डिस्टिलरी के लेखा विभाग में डिस्टिलरी के उत्पादन, बिक्री, निकासी और मालिकाना हिस्सेदारी से जुड़े पुराने दस्तावेज खंगालती रही। इस दौरान लेखा विभाग से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। टीम के आने की सूचना के बाद से ही मजीठिया परिवार के सरैया स्थित आवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस टीम बृहस्पतिवार को भी दस्तावेजों की पड़ताल करेगी। खास बात यह है कि अभी तक इस संबंध में न तो विजिलेंस अधिकारी कुछ बोल रहे हैं न ही स्थानीय प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी किए हैं।
यह था मामला
पंजाब सरकार की विजिलेंस टीम की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के उसी मामले से जुड़ी है, जिसमें विक्रम सिंह मजीठिया पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस केस में आरोप है कि मजीठिया ने अपनी आधिकारिक आय के मुकाबले कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसमें गोरखपुर की सरैया डिस्टिलरी और शुगर मिल में 11 प्रतिशत हिस्सेदारी की बात भी सामने आई है। इसी जांच को लेकर पिछले पांच दिन से विजिलेंस की टीम सरैया डिस्टिलरी में डेरा जमाए हुए है।