मनरेगा के तहत खोराबार ब्लॉक के लहसड़ी ग्राम पंचायत का मामला
गोरखपुर। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने बुधवार को मनरेगा के तहत किए गए कामों का निरीक्षण किया। इस दौरान खोराबार ब्लॉक के लहसड़ी ग्राम पंचायत में खडंजा और आंगनबाड़ी की गुणवत्ता में कमी पाई गई। इस पर सीडीओ ने फटकार लगाते हुए 15 दिन में गुणवत्ता सुधार करने के निर्देश दिए।
बुधवार को सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी खोराबार के लहसड़ी ग्राम पंचायत पहुंचे। यहां उन्होंने मनरेगा के तहत किए कामों और किए गए पौधरोपण का निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ त्रिपुरारी ने कहा कि मानसून सीजन के बाद ये दिखवाया जाएगा कि मनरेगा के बाद लगे पौध में से कितने बचे हैं। उन्होंने पौध की देखभाल करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने खड़जा और आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रथमदृष्टया गुणवत्ता में कमी पाई गई। इस दौरान खंड विकास अधिकारी मो. आसिफ, एपीओ सुधांशु साहू, अभिषेक पांडेय, ग्राम प्रधान राधेश्याम जायसवाल आदि मौजूद रहे।