दोपहर दो बजे दोस्त के साथ निकली थी किशोरी
दो आरोपी करते थे परेशान, किशोरी ने बदल दिया था रास्ता
गोरखपुर। खोराबार की किशोरी की दो माह पहले शिवम गुप्ता से दोस्ती हुई थी। कुछ ही दिनों में नजदीकियां बढ़ गई थीं। शिवम के बुलाने पर दो बजे किशोरी आई थी। वह उसे लेकर राप्ती नदी के किनारे गया। वहां तीन और युवक आ गए और किशोरी से छेड़खानी की।
शिवम ने बंधे पर ही किशोरी को छोड़ दिया था। किशोरी के मुताबिक उसने कहा था कि, यहीं रुको अभी आ रहा हूं। इसके बाद रामनगर करजहां के तीन युवक पहुंचे और किशोरी से छेड़खानी करने लगे। शिवम आया तो उसे खींचकर दूसरी तरफ लेकर चले गए। किशोरी का कहना है कि तीनों युवकों ने कुछ सुंघाकर उसे अचेत कर दिया। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश कर रहे थे, इस दौरान ग्रामीणों की नजर पड़ी और चिल्लाना शुरू किया। किशोरी ने बताया है कि रामनगर करजहां के तीनों युवक उसे पहले से परेशान कर रहे थे। घर के आस-पास गाड़ी लेकर घूमते रहते थे। इनकी वजह से किशोरी ने रास्ता बदलने की भी बात बताई। किशोरी ने बताया कि आरोपी तीनों युवक बार-बार शिवम को मारने की धमकी देते थे, इसलिए वह किसी से शिकायत नहीं करती थी। शुक्रवार को भी तीनों युवक बंधे पर किशोरी को अकेला पाकर पहले पूछते रहे कि तुम शिवम से बात करती हो, उसको छोड़ दो, यह सब कहते हुए गालियां देने लगे।