सीएम योगी ने अफसरों को दिए निर्देश-अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति बरकरार रहनी चाहिए
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति बरकरार रहनी चाहिए। माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का क्रम थमना नहीं चाहिए। हर छोटी घटना को भी गंभीरता से लेकर उस पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार शाम गोरखपुर पहुंचने के बाद गोरखनाथ मंदिर में अफसरों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बरसात शुरू होने पर कुछ निर्माण प्रभावित होने लगते हैं, इसलिए मानसून की दस्तक से पहले काम में तेजी लाने की जरूरत है। जलभराव की समस्या दूर करने के लिए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात होने पर कहीं भी जलभराव नहीं होना चाहिए। समय रहते सभी नालों की सफाई का काम पूरा करने और गोड़धोइया नाला परियोजना पर गंभीरता से ध्यान देकर इसे जल्द पूर्ण कराने का प्रयास हो।
बैठक में एडीजी जोन डॉ. केएस प्रताप, कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआईजी एस. चिनप्पा, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी राजकरन नैयर, नगर आयुक्त गौरव सोगरवाल, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, डीएफओ विकास यादव, उप निदेशक पर्यटन रविंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
जल्द से जल्द पूरा हो आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य
गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भटहट के पिपरी में बन रहे प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण की अद्यतन स्थिति पूछी। उन्हें बताया गया कि 95 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो गया है। सिर्फ फिनिशिंग से जुड़े कार्य बचे हैं और उन्हें भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है। इस पर सीएम योगी ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय के सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करा लिए जाएं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को आयुष विश्वविद्यालय का दौरा कर खुद निर्माण कार्यों का जायजा ले सकते हैं।
-
जनप्रतिनिधियों ने की सीएम योगी से भेंट, लिया आशीर्वाद
गोरखपुर। देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करने कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और अन्य विशिष्टजन ने भी सीएम से मुलाकात की।
अयोध्या से गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर के बैठक कक्ष में तमाम जनप्रतिनिधियों व अन्य जन से मुलाकात की। सीएम योगी से मुलाकात कर आशीर्वाद लेने वालों में राज्यमंत्री दानिश आजाद, सांसद रविकिशन, जगदम्बिका पाल, विजय दूबे, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास, विधायक ऋषि त्रिपाठी, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, बंधु उपेंद्र सिंह, प्रमुख उद्योगपति चंद्र प्रकाश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।