गोरखनाथ इलाके की छात्रा ने शिक्षक, कानपुर के एक एसआई और अन्य पर दर्ज कराया है केस
छात्रा करती है प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी, जनता दरबार में मुख्यमंत्री से की थी शिकायत
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके की छात्रा को प्रताड़ित, ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को पूछताछ कर आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित किए। छात्रा ने आरोपियों के खिलाफ मोबाइल में रखे सारे साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं। इसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई है। विवेचक का कहना है कि हर पहलू की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के आदेश पर गोरखनाथ थाने में इलाके की छात्रा के प्रार्थना पत्र पर खजनी इलाके के बढ़नी गोपालपुर निवासी शिव प्रसाद पांडेय उर्फ गोलू, आशुतोष पांडेय और चौरीचौरा के मीठाबेल नई बाजार निवासी राजकुमार गुप्ता पर अश्लील वीडियो भेजकर प्रताड़ित करने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। छात्रा ने आरोप लगाया था कि राजकुमार गुप्ता सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में मानदेय पर शिक्षक है। वहीं शनिवार को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस नाम का कोई शिक्षक उनके यहां नहीं है।
गोरखनाथ इलाके की रहने वाली 29 वर्षीय छात्रा ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती है। साथ में पूर्व में पढ़ा हुआ रिश्तेदार शिव प्रसाद पांडेय, शिक्षक राजकुमार गुप्ता कहीं से मेरा मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिए। इसके बाद से ही मोबाइल पर वीडियो कॉलिंग और मोबाइल से काॅल करके प्रताडित कर रहे हैं। भ्रामक अश्लील वीडियो बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित, ब्लैकमेल कर रहे हैं। छात्रा ने आरोप लगाया कि शिव प्रसाद का भाई आशुतोष पांडेय कानपुर पुलिस विभाग में एसआई है। इसके साथ मिलकर घरवालों को प्रार्थना पत्र वापस लेने की धमकी दे रहे हैं।
कोट-
वर्तमान में प्राचीन इतिहास विषय में डॉ. राजकुमार गुप्ता, नाम का कोई शिक्षक (मानदेय अथवा अतिथि प्रवक्ता) विश्वविद्यालय में नहीं है।
डॉ. अविनाश प्रताप सिंह,सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर
-
इस मामले में छात्रा का बयान लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। इसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
- रवि कुमार सिंह, सीओ गोरखनाथ