गोरखपुर। संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र की खजनी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को होने वाले मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार की दोपहर में पोलिंग पार्टी के साथ बूथ पर पहुंचे अर्द्ध सैनिक बल के जवान व पुलिसकर्मी मुस्तैद हो गए। एसएसपी ने रात में सभी एडिशनल एसपी व सीओ के साथ बैठक कर चुनाव आयोग की ओर से जारी निर्देश की जानकारी देने के साथ ही अनुपालन कराने को कहा।
एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि मतदान ड्यूटी में लगे कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी सतर्कता बरतते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। मतदान स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने देंगे। ड्यूटी के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति से सुविधा न लें। कोई भी गड़बड़ी या अव्यवस्था होने पर इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम व अधिकारियों को दें।
चुनाव ड्यूटी एक अतिमहत्वपूर्ण ड्यूटी है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अर्द्ध सैनिक बल बूथ की पुलिस व पीएसी के जवान बाहर की सुरक्षा-व्यवस्था देखेंगे। सभी लोग गरिमा बनाए रखते हुए पूर्ण सतर्कता बरतते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।