22 करोड़ से हो रहा निर्माण, साल के अंत तक होगा पूरा
पवेलियन बनने के बाद हो सकेंगे अंतरराष्ट्रीय मैच, वीवीआईपी ब्लॉक का काम लगभग हो चुका है पूरा
गोरखपुर। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान के चारों तरफ पवेलियन निर्माण का काम शुरू हो चुका है। दिसंबर तक इसका निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां दर्शक बैठकर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मैच देख सकेंगे।
एस्ट्रो टर्फ के पास वीवीआईपी ब्लॉक का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इसमें खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, वीआईपी रूम, मीडिया रूम आदि बना हुआ है। टर्फ पर एक अंतरराष्ट्रीय मैच भी हो चुका है। यहां पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं होती रहती हैं। पवेलियन की कमी से दर्शक और ऑफिशियल्स के बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। शासन ने इसके लिए 22 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी जिसके बाद काम शुरू हो गया है। मैदान के एक तरफ पवेलियन की ढलाई लगभग पूरी हो गई है। दो तरफ पिलर बन गए हैं। वहीं, वीआईपी ब्लॉक के ऊपर भी कुछ दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
-
4500 दर्शक बैठकर देख सकेंगे मैच
एस्ट्रो टर्फ मैदान के किनारे बन रहे स्टैंड में 4500 दर्शकों के बैठने की क्षमता रहेगी। स्टैंड के ढलान के बाद इसमें कुर्सियां लगाई जाएंगी। बनने के बाद यहां दर्शक लाइव मैच का आनंद ले सकेंगे।
कोट...
एस्ट्रो टर्फ मैदान के किनारे पवेलियन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। दिसंबर 2025 तक यह पूरा हो जाएगा। इसके बन जाने से दर्शक लाइव मैच देख सकेंगे।
- आले हैदर, प्रधानाचार्य, स्पोर्ट्स कॉलेज