गोरखपुर। दुर्गा पूजा और दशहरा के अवसर पर गोरखपुर पुलिस-प्रशासन ने शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जिले में स्थापित 4330 प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए 4010 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। शहर को तीन जोन और नौ सेक्टर में बांटकर सुरक्षा की जिम्मेदारी तय की गई है। जिले के 319 स्थायी व अस्थायी विसर्जन स्थलों पर विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, 64 स्थानों पर रावण दहन और 83 स्थानों पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इन आयोजनों की सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस लाइंस से लेकर थानों तक फोर्स तैनात की गई है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सिविल डिफेंस के सदस्य भी सहयोग करेंगे। भीड़ में गड़बड़ी फैलाने वालों को पकड़ने के लिए रणनीति बनाई गई है। सुरक्षा ड्यूटी में 274 उपनिरीक्षक, 1386 मुख्य आरक्षी, 55 पीआरवी, एक कंपनी पीएसी, 1265 होमगार्ड, फायर टैंकर, जल पुलिस और 1085 चौकीदार शामिल हैं।
विसर्जन मार्ग पर 205 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। किसी भी गड़बड़ी करने वाले की पहचान कर सीधे केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पूजा पंडालों की सुरक्षा में पांच-पांच महिला रिक्रूट भी 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगी। एसपी सिटी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।