गोरखनाथ थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी बेटे के पास से 50 हजार रुपये बरामद
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके में व्यापारी के घर की तिजोरी से पांच लाख रुपये चुराने के मामले में पुलिस ने व्यापारी के बेटे को ही बरगदवा पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया है। तीन दिन पहले तिजोरी से रुपये चुराने वाले बेटे ने नेपाल जाकर कैसिनो में अधिकांश रुपये जुए में गंवा दिए हैं। वह रविवार को फिर बचे 50 हजार रुपये लेकर नेपाल जाने की फिराक में था, इसी बीच बरगदवा पेट्रोल पंप के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ इलाके के राजेंद्रनगर पैलेस कॉलोनी निवासी रामचंद्र हसानी चॉकलेट व नमकीन का व्यापार करते हैं। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि 22 जुलाई की रात में अचानक तिजोरी से पांच लाख रुपये गायब हो गए। बेटे तनय पर संदेह हुआ तो उन्होंने उससे पूछा। वह टाल-मटोल करने लगा। इसके पहले भी व्यापारी के तिजोरी से रुपये चोरी हो चुके थे। उन्हाेंने गोरखनाथ थाने में तहरीर दे दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आशंकावश बेटे की गतिविधियों की छानबीन की। पुलिस ने रविवार को बरगदवां पेट्रोल पंप के पास से आरोपी बेटे तनय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह नेपाल के कैसिनो जाने की फिराक में था। वह कैसिनो और ऑनलाइन जुआ खेलता है, उसी में रुपये हार गया है। तनय ने कक्षा 9वीं तक ही पढ़ाई की है। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दिया।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके पास से 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं।