चौरीचौरा थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया
सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के राघोपुर में रविवार शाम कार की टक्कर से बाइक सवार संजय सिंह (50) की मौत हो गई। हादसा बंधन बैंक के सामने स्थित सड़क के कट पर हुआ। घटना के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लिया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, पीपीगंज थाना क्षेत्र के बेलघाट बुजुर्ग निवासी संजय सिंह राघोपुर में प्रकाश बैट्री के नाम से दुकान चलाते थे। रविवार शाम करीब सात बजे वे अपनी बाइक से डुमरी खुर्द चौराहे की ओर से आ रहे थे और कट से सड़क पार कर रहे थे। तभी देवरिया की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी चौरीचौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक का परिवार गांव में रहता है, जबकि वे राघोपुर में रहकर दुकान संचालित करते थे। पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी है।