कैंट थाने की पुलिस ने छापा मारकर की कार्रवाई
गोरखपुर। बलदेव प्लाजा में एप्पल कंपनी के नकली उत्पादों की बिक्री का पर्दाफाश हुआ है। कैंट थाना पुलिस ने छापा मारकर चार मोबाइल दुकानों से सैकड़ों की संख्या में नकली मोबाइल कवर और चार्जर बरामद किए। इस कार्रवाई के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चारों दुकानदारों के खिलाफ काॅपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जयपुर निवासी संदीप तंवर ग्रिफिन आइपी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में लीगल मैनेजर हैं। उन्होंने कैंट पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी कंपनी भारत में एप्पल ब्रांड के फर्जी उत्पादों पर कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत है। कंपनी को शिकायत मिली थी कि बलदेव प्लाजा की कई दुकानों पर नकली एप्पल उत्पाद खुलेआम बेचे जा रहे हैं। शिकायत की पुष्टि के बाद संदीप तंवर कैंट थाना पुलिस टीम के साथ 10 अक्तूबर को बलदेव प्लाजा पहुंचे और दुकानों में छापा मारा। जांच के दौरान गुलशन मोबाइल रिपेयर सेंटर से 565 नकली मोबाइल कवर, शिवा मोबाइल सेंटर (अभिषेक पांडेय) से 405 कवर, फेमस मोबाइल सेंटर (मोहम्मद अलमास) से 120 कवर और मां इंटरप्राइजेज (रोहित गुप्ता) से 21 नकली मोबाइल चार्जर बरामद किए गए।
कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि सभी नकली उत्पाद जब्त कर लिए गए हैं। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ये उत्पाद एप्पल के मूल ब्रांड से मेल नहीं खाते। चारों दुकानदारों पर काॅपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।