जनता दर्शन में बेटी को लेकर आई महिला को सीएम ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बीमार बिटिया (मस्कुलर डिस्ट्राफी) को गोद में लेकर बैठी महिला की बात सुनकर वे भावुक हो गए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बच्ची का इलाज सरकार कराएगी। महिला और उसके परिवार के लिए आवास की भी व्यवस्था कराई जाएगी। सीएम योगी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
जनता दर्शन में आए लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराएंगे। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जन समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं। शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान गोद में बीमार बच्ची को लेकर कुर्सी पर बैठी महिला की समस्या सुनकर मुख्यमंत्री अत्यंत भावुक हो गए। महिला बच्ची के इलाज और आवास की समस्या लेकर आई थी। सीएम योगी ने उसे आश्वस्त किया कि इलाज और आवास की व्यवस्था सरकार कराएगी। इस दौरान उन्होंने मां की गोद में बैठी बच्ची को दुलारा भी।
जनता दर्शन में कुछ अन्य लोग भी इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को भी मुख्यमंत्री ने दुलारा और आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दिया।