शहर की यातायात व्यवस्था बदली, श्रद्धालुओं के वाहन खड़ा करने के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल
गोरखपुर। खिचड़ी मेले की सुरक्षा-व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया। वाच टावर से मेला क्षेत्र व परिसर की 24 घंटे निगरानी हो रही है। कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच महाशिवरात्रि तक खिचड़ी मेला चलेगा। श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसके लिए सोमवार से शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े होंगे।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आने व जाने वाले रास्तों पर सीसी कैमरे लगे हैं। मंदिर के सभी प्रवेश द्वारा पर मोर्चा बनाया गया है। खिचड़ी मेला की सुरक्षा में तीन हजार पुलिस/पीएसी के जवान के साथ ही एटीएस के कमांडो की ड्यूटी लगी है। मंदिर में एक अस्थायी थाना और सात पुलिस चौकियां खोली गई हैं। संदिग्ध पर नजर रखने के लिए परिसर में नौ वाच टावर बना है जिससे 24 घंटे निगरानी की जा रही है। थाने के पास बने कंट्रोल रूम से सबके ऊपर नजर रखी जा रही है। सोमवार से ही खिचड़ी चढ़ाने के लिए दूसरे राज्य व नेपाल के श्रद्धालुओं की भीड़ गोरखनाथ मंदिर व इसके आसपास एकत्र हो जाती है।
श्रद्धालुओं के खड़े होंगे यहां वाहन
तरंग क्रॉसिंग के पास भगवती महिला महाविद्यालय परिसर,आरपीएफ ग्राउंड दुर्गाबाड़ी तिराहा के पास,लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल (गोरखनाथ पुल के नीचे) रामलीला मैदान,मेवालाल गुरुकुल गोरखनाथ मंदिर के सामने, लेबर तिराहा से रामनगर तिराहा तक,बागीचा पार्किंग से नथमलपुर तक सड़क पर, औद्योगिक संस्थान मोड से रामनगर तिराहा तक सड़क पर, शांतिवरम लाॅन, कुष्ठ आश्रम, महानगर गर्ल्स इंटर काॅलेज, सिंचाई विभाग काॅलोनी राजेंद्र नगर, स्प्रिंगर मोड के दोनों तरफ सड़क किनारे।