गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुई संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर स्थित गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता हुई। मंडल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में सत्यानंद, अनुश्री, सोनम और जितेंद्र ने बाजी मारी। प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ की ओर से आयोजित की गई थी।
संस्कृत गीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीनाथ संस्कृत महाविद्यालय हाटा कुशीनगर के कक्षा 12वीं के छात्र सत्यानंद चतुर्वेदी ने प्राप्त किया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता (बाल वर्ग) में प्रथम स्थान पर पंडित त्रिलोकी नाथ मिश्र इंटर कॉलेज भटनी देवरिया की कक्षा 10वीं की छात्रा अनुश्री मिश्रा रहीं। संस्कृत सामान्य ज्ञान (युवा वर्ग) में जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज महाराजगंज के स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा सोनम पटेल ने बाजी मारी। श्लोकान्त्याक्षरी प्रतियोगिता में श्रीनाथ संस्कृत विद्यालय हाटा कुशीनगर के 12वीं के छात्र जितेंद्र कुमार मिश्र प्रथम स्थान पर रहे।
बतौर मुख्य अतिथि उपनिरीक्षक संस्कृत पाठशालाएं गोरखपुर मंडल डॉ. नरेंद्र सिंह ने सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। मंडल संयोजक डॉ. प्रांगेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को तीन, द्वितीय को दो और तृतीय को एक हजार की धनराशि संस्थान की ओर से उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त सभी प्रतिभागी लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्यस्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार चतुर्वेदी और संचालन डॉ. प्रांगेश कुमार मिश्र ने किया।