सीएमओ ने चार अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का किया निरीक्षण
पीएचसी पीपीगंज में एंटी रैबिज का इंजेक्शन उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
गोरखपुर। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने रविवार को कैम्पियरगंज क्षेत्र के चार अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान जंगल अहगी एपीएचसी में महिला चिकित्सक अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया। इसके अलावा पीपीगंज पीएचसी पर एंटी रैबिज का इंजेक्शन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
सीएमओ ने अधिक से अधिक मरीजों तक स्वास्थ्य मेले का लाभ पहुंचाने के लिए सभी अधिकारियों को आशा कार्यकर्ता की मदद लेने और मेले में सभी प्रमुख जांचों, परामर्श और दवाओं की उपलब्धता कराने के लिए कहा। पीपीगंज एपीएचसी पर निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने एआरवी (कुत्ता काटने के बाद लगने वाला टीका) की सुविधा यथाशीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया। सीएमओ ने बताया कि पीपीगंज में रैबिज से बचाव के इंजेक्शन एआरवी की मांग वहां के जनप्रतिनिधियों ने भी जन आरोग्य समिति की बैठक के दौरान उठाई थी। साथ ही अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बढ़ाने के लिए अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से कहा गया है। नेतवर बाजार एपीएचसी के निरीक्षण के दौरान पहुंचने के लिए सम्पर्क मार्ग सही नहीं होने पर कनेक्टिंग रोड ठीक कराने के लिए कहा। मछलीगांव एपीएचसी को आरबीएसके टीम से सहयोग लेने का निर्देश दिया गया है।