फर्जी लेटर देकर क्रिकेट खिलाड़ी आर्यन को लखनऊ के इकाना स्टेडियम बुलाया
यूपी प्रीमियर लीग में कानपुर की टीम में चयन कराने के नाम लिए थे रुपये
गोरखपुर। यूपी प्रीमियर लीग में चयन के नाम पर क्रिकेट खिलाड़ी आर्यन से 1.56 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोपियों ने आर्यन को फर्जी पत्र देकर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुलाया था, जहां उनकी पोल खुल गई। पीपीगंज निवासी आर्यन के पिता कपूरचंद की तहरीर पर कैंट थाने की पुलिस ने कूड़ाघाट के प्रिंस शाही, कुनाल कुमार और दुर्गेश यादव पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कपूरचंद ने तहरीर देकर बताया कि प्रिंस शाही ने बताया था कि उनके लड़के आर्यन का चयन यूपी प्रीमियर लीग में कानपुर की टीम में हो गया है। इसके लिए उसने 1.56 लाख रुपये उनसे लिए और एक लेटर देकर लखनऊ इकाना स्टेडियम में बुलाया। वहां पहुंचने पर पता चला कि लेटर फर्जी है। घर आकर प्रिंस से रुपये वापस मांगे तो पहले उसने कहा कि बहुत जल्द वापस कर देंगे। कई दिन बीत गए तो दोबारा रुपये मांगे तब वह जान से मारने की धमकी देने लगा।
उन्होंने बताया कि राहुल यादव पीपीगंज में क्रिकेट एकेडमी चलाता है। वह प्रिंस का मित्र है। उसके जरिये ही प्रिंस से उनका परिचय हुआ। इस धोखाधड़ी में प्रिंस के साथ कुनाल और दुर्गेश भी शामिल हैं।
फायरिंग की घटना में प्रिंस का आ चुका है नाम
सूत्रों के अनुसार, प्रिंस शाही क्रिकेट खिलाड़ी है। कूड़ाघाट में फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आ चुका है। मामले में कैंट थाने में केस भी दर्ज हो चुका है। इसमें पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भिजवाया था। जमानत पर रिहा होने के बाद अब प्रिंस अब भोले-भाले खिलाड़ियों को यूपी प्रीमियर लीग और अन्य प्रतियोगिताओं में खेलने का सपना दिखाकर रुपये ऐंठ रहा है।