कैंट थानाक्षेत्र में सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने शास्त्री चौक पर की थी वारदात
गोरखपुर। कैंट पुलिस ने देवरिया के गौरीबाजार रामपुर सोहरौना निवासी रेशमा देवी से लूटपाट के दो लुटेरों को बुधवार को कचहरी रोड से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान राजघाट के लालडिग्गी निवासी शनि उर्फ मंगूरू, कैंट थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक निवासी विक्रम डोम के रूप में हुई। आरोपियों के पास से लूटे गए गहने बरामद किए गए हैं।
मूलरूप से देवरिया के गौरीबाजार रामपुर सोहरौना निवासी रेशमा देवी एक सप्ताह पहले रानीडीहा निवासी अपनी छोटी बेटी फूलमती के घर आई हुई थीं। बीते सोमवार को वह कोतवाली के माया बाजार निवासी अपनी बड़ी बेटी यशोदा के जाने के लिए ऑटो से निकली थीं। शास्त्री चौक पर उतरते ही पीछे से आए दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और कान के टप्स लूटकर भाग निकले। वारदात से क्षुब्ध रेशमा ने की जानकारी अपने दामाद विजय प्रकाश गुप्ता और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई थी।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को बुधवार कचहरी राेड से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लूट का माल बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों को बुधवार कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।