प्रयागराज से आ रही थी बस, गीडा के बाघागाड़ा में हुआ हादसा
घायल यात्रियों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती, देर शाम घर गए श्रद्धालु
गोरखपुर। प्रयागराज से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही रोडवेज की बस शनिवार देर रात 2:20 बजे गीडा के बाघागाड़ा में सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। सात यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं, वे अस्पताल न जाकर घर निकल गए। जबकि पांच घायल यात्रियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से देर शाम वे उपचार के बाद घर चले गए।
घायल श्रद्धालुओं में आजमगढ़ की राधिका (65), नेपाल नवलपरासी के अनिल डोमरे (28), प्रभु शरण (40), संतकबीरनगर के मुरली (55) और महाराजगंज के कमलेश शर्मा (42) हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय सभी अधिकतर लोग सोए थे। चालक को झपकी आने की वजह से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से टकरा गई है। गनीमत थी कि बस की गति बहुत तेज नहीं थी।
हादसे की सूचना पर परिवहन निगम राप्तीनगर डिपो के एआरएम एके सिंह पहुंचे। एआरएम ने बताया कि शनिवार को प्रयागराज से 50 श्रद्धालुओं को लेकर रोडवेज की बस आ रही थी। देर रात बाघागाड़ा ओवरब्रिज जीतपुर के पास ट्रक खड़ा था। अंधेरा होने की वजह से बस खड़ी ट्रक में जाकर टकरा गई। बस में बैठे 12 यात्रियों को चोट आई थी। इसमें से पांच घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया।