24 जनवरी को बदमाशों ने लखनऊ से गोरखपुर के लिए बुक कराई थी कार
इंदिरा नहर में चालक पंकज के शव की तलाश जारी, जल्द होगा पूरा खुलासा
बाराबंकी। थाना क्षेत्र सफदरगंज के दादरा गांव के लापता कार चालक पंकज कुमार की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया था। पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। कार भी बरामद हुई है। लखनऊ-बाराबंकी की सीमा पर इंदिरा नहर में शव की तलाश जारी है। इसके लिए एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है।
दादरा गांव निवासी पंकज कुमार तीन भाइयों में से एक थे। वह कार बुकिंग पर चलाते थे। 24 जनवरी को कमता चौराहे से कुछ लोगों ने गोरखपुर के लिए उनकी कार बुक कराई थी। घर आकर उन्होंने परिजनों को गोरखपुर जाने की जानकारी दी और निकल गए। जब नहीं लौटे तो 26 जनवरी को उनके पिता प्रेमशंकर ने सफदरगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान मोबाइल की लोकेशन संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने रविवार को गदिया व चंदौली गांव के दो व्यक्तियों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद देर शाम तीन और बदमाश पकड़ लिए गए।
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कार बुक करने के बाद उन्होंने बाराबंकी में ही पंकज की हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने बिहार, गोरखपुर, लखनऊ के तकरोही और बाराबंकी के दो लोगों समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।