राजघाट पुल के बगल में बन रहा है चार लेन का नया पुल
गोरखपुर। राजघाट पुल के पास निमार्णाधीन फोरलेन के नए पुल के लिए नदी की धारा के बीच पिलर बनाने का काम जल्द ही शुरू होगा। इस कार्य को बरसात से पहले पूरा करना होगा। इसके लिए नदी की धारा को मोड़ा जाएगा। सेतु निगम ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
पैडलेगंज-टीपीनगर सिक्स लेन ओवरब्रिज बनने के बाद राजघाट के वर्तमान पुल पर जाम लगेगा। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर पहले ही राजघाट पुल के बगल में फोरलेन का नया पुल बनाने की स्वीकृति मिल गई। इसको भी सिक्सलेन ओवरब्रिज के साथ ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राजघाट और नौसड़ के बीच दो लेन के दो नए पुल के निर्माण को मार्च में ही प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही पहली किस्त के तौर पर 77.67 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए थे। इसके बाद नौसड़ से टीपी नगर की लेन में शवदाह स्थल के पास पिलर बनाने का काम शुरू हो गया है।
इधर, नदी में पानी घटने के बाद धारा के बीच बनने वाले पिलर को लेकर तैयारी तेज हो गई है। जुलाई में पानी का प्रवाह बढ़ेगा, इससे पहले बचे पांच महीने में धारा को मोड़कर बीच में पिलर बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
दोनों तरफ नए पुल बनने से कुल आठ लेन का हो जाएगा राजघाट पुल
राजघाट पुल अभी फोरलेन का है। फोरलेन का नए पुल में से भी दो-दो लेन का एक-एक पुल दोनों पुराने पुलों के बगल में बनाए जाएंगे। नए पुल बन जाने से पुल की कुल चौड़ाई आठ लेन की हो जाएगी। दो पुल आने के लिए और दो पुल जाने के लिए। इससे वाराणसी और लखनऊ हाईवे से आने वाले वाहन जाम में नहीं फसेंगे। अपस्ट्रीम के पुल के निर्माण पर 103.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें से 36.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। डाउन स्ट्रीम के पुल निर्माण की लागत 117.99 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए पहली किस्त के तौर पर 41.29 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। पुल की कुल लंबाई 400 मीटर और चौड़ाई 8.50-8.50 मीटर रखी गई है। दोनों तरफ के पुल निर्माण की जद में आ रहे भवनों के मुआवजे के लिए 67.65 लाख रुपये और अधिगृहित की जाने वाली भूमि के लिए 86.32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।