आवक कम होने से हुई परेशानी, आसपास के क्षेत्रों से मंडी में नहीं पहुंच पाए व्यापारी
गोरखपुर। बीते दो दिनों की बारिश के कारण महेवा मंडी का व्यापार प्रभावित हुआ है। बारिश के कारण एक तरफ जहां माल लदी गाडियां कम पहुंची, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से व्यापारियों ने भी कम खरीदारी की। व्यापारियों का कहना है दो दिनों में करीब 500 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है।
शुक्रवार को दोपहर 01:45 बजे महेवा मंडी में भीड़ ना के बाराबर रही। हालांकि, महेवा मंडी में सब्जी को छोड़कर अन्य कारोबार नहीं हुए। मेन गेट से प्रवेश करने पर आगे बारिश की वजह से गंदगी का अंबार लगा हुआ था। व्यापारी दुकान खोलकर बैठे थे, लेकिन स्थानीय व्यापारियों की भीड़ देखने को नहीं मिली। हालांकि, सब्जी मंडी में कुछ खरीदारी जरूर हो रही थी। दुकानदार बारिश से बचते हुए दुकान लगाए थे। कीचड़ होने के कारण दुकानों पर अव्यवस्था देखी गई।
चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष संजय सिंहानिया ने बताया कि महीने का अंतिम दिन होने के कारण मंडी सब्जी को छोड़कर बंद हैं। कुछ दुकानें जरूर खुली हैं। उनका कहना था कि बारिश की वजह से काफी नुकसान हुआ है। दो दिनों में लगभग 500 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। पूर्वांचल फल सब्जी थोक विक्रेता कल्याण समिति के अध्यक्ष संजय शुक्ल ने बताया कि दो दिनों की बारिश से व्यापार तो प्रभावित हुआ ही है, बल्कि गंदगी से अव्यवस्था हो गई है।