अनुबंधित बस संचालकों ने परिवहन निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप
संचालकों ने कहा, पानी में बसें खड़ी करने से आय दिन खराब हो रहीं बसें, हो रहा नुकसान
गोरखपुर। रेलवे बस स्टेशन से सटे रोडवेज के पुरानी क्षेत्रीय कार्यशाला में लंबे समय से जलभराव के विरोध में अनुबंधित बस संचालकों ने शनिवार को पानी में धान रोप कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
अनुबंधित बस ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिम्मेदारों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि बीएस-6 मॉडल की संवेदनशील तकनीकों जैसे सेंसर, सेल्फ, अल्टरनेटर आदि इस जलभराव के कारण खराब हो रहे हैं। वाहन स्वामियों को रोजाना हजारों रुपये की आर्थिक क्षति हो रही है। रोडवेज के अधिकारियों को कई बार सूचित किए जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। बस संचालकों ने कहा कि यह सिर्फ सांकेतिक विरोध था, अगर जल्द ही जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिली तो अनुबंधित बस संचालक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में एसोसिएशन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राकेश त्रिपाठी, गोरखपुर डिपो अध्यक्ष राजू कुशवाहा, उपाध्यक्ष राजू मोदनवाल, राधेश्याम सिंह, मोहम्मद यूनुस आदि मौजूद रहे।