गोरखपुर। छह बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसएसपी राज करन नय्यर ने गगहा, कोतवाली और तिवारीपुर थानों में पंजीकृत संगीन मामलों में भागे इन बदमाशों पर शनिवार देर रात 25-25 हजार का इनाम घोषित किया। आरोपियों की गैंगस्टर एक्ट, जालसाजी और हत्या की कोशिश के केस में तलाश चल रही है।
गगहा थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में दर्ज जाली नोट खपाने के मामले में शामिल सात बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने फरवरी 2025 में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। इस केस में तीन आरोपी जेल भेजे गए थे। जबकि चार अब भी भागे हुए हैं। इनमें गड़ही गांव निवासी विक्रम जायसवाल, जलपहिया महुराई का अनुराग यादव, बड़हलगंज बैदौली के चांद मोहम्मद शामिल हैं। इनके अलावा देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बर्दगोनिया, सुदामा चौक निवासी जग्गा उर्फ जगरनाथ को भी पुलिस तलाश रही है। चारों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
वहीं कोतवाली थाने में दर्ज फर्जी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनाने के मामले में आरोपी सुमित उर्फ श्याम सुंदर पारिक निवासी गांधी पथ वेस्ट, वैशाली नगर, करणी विहार, जयपुर (राजस्थान) की गिरफ्तारी के लिए भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2024 में जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है।
इसके अलावा तिवारीपुर थाने में वर्ष 2019 में दर्ज एक केस में हत्या की कोशिश करने के आरोपी छोटकली उर्फ खुशबूद्दीन, निवासी शेख टोलिया, बनवीरपुर, पडरौना (कुशीनगर) भागे हुए हैं। गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।