एनेक्सी भवन में आयोजित हुई शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक
गोरखपुर। होलिका दहन 13 मार्च, होली 14 मार्च, ईद-उल-फितर 31 मार्च और छह अप्रैल को रामनवमी मनाए जाने की संभावना है। इन पर्वों में किसी भी प्रकार की नई परंपरा न शुरू की जाए। जुलूस परपंरागत रूटों पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रशासन का सहयोग करते हुए निकाले जाएं। अफवाह पर ध्यान न दें, ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह बातें एनेक्सी भवन में आयोजित शांति एवं सद्भावना समिति के बैठक की अध्यक्षता करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट हिमांशु वर्मा ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट न करें और किसी भी भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न करे तो जिम्मेदार व्यक्ति पुलिस को तत्काल सूचना दें। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रूटों पर चूना छिड़काव, नालों की साफ-सफाई, अपशिष्ट निस्तारण, लाइट आदि की व्यवस्था करें। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन रूटों पर जुलूस निकलता है वहां पर स्थलीय निरीक्षण कर लटके हुए जर्जर तारों को ठीक कराएं। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि जुलूसों में जिन सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, वहां अवश्य उपस्थित रहें।