ब्रम्हपुर (गोरखपुर)। झंगहा थाना से संबंधित गौबडौर पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल कन्हैया सोनकर (35) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बुधवार रात डयूटी करके जा रहे थे। इस दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौत हो गई। झंगहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मूल रूप से वाराणसी के राजा तालाब थाना क्षेत्र के कचनार गांव निवासी प्यारे लाल सोनकर के इकलौते बेटे कन्हैया सोनकर झंगहा थाने में हेड कांस्टेबल के रूप में तैनात थे। नई बाजार में किराये के मकान में पत्नी रिया और बच्चों के साथ रह रहे थे। कन्हैया की दो लड़कियां और एक छह माह का लड़का है। मौत की सूचना पर पिता प्यारे लाल सोनकर और अन्य रिश्तेदार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि रात के समय अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक से जा रहे कन्हैया सड़क पर गिर गए। मौके पर उनकी मौत हो गई। ज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।