- पीपीगंज के भुईधरपुर में महिला की सिर काटकर हुई थी हत्या, सड़क किनारे झाड़ियों में मिला था शव
- पुलिस एक-एक कड़ी जोड़कर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है, तांत्रिक एंगल से शुरू की पड़ताल, 10 संदिग्धों पर निगाह
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला को बेहोश कर एक झटके में सिर काटने की हुई थी पुष्टि
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के भुईधरपुर गांव निवासी कलावती यादव (55) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच बलि की आशंका पर भी शुरू हो गई। पुलिस ने मामले में गांव व आसपास के कुल 10 तांत्रिकों की जानकारी जुटाई। इनमें से दो तांत्रिक भुईधरपुर के ही रहने वाले हैं। एक का रिश्ता मृतका के परिवार से भी जुड़ता है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनकी कॉल डिटेल निकलवाई, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
भुईदरपुर गांव में बीते बृहस्पतिवार को कलावती देवी की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। उनका सिर कपड़े में लपेटकर शव से करीब 500 मीटर दूर फेंका गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब सिर का कपड़ा खोला तो मृतका की पहचान कलावती यादव के रूप में हुई। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के बाद बताया कि महिला को पहले बेहोश किया गया होगा और फिर गर्दन पर वार किया गया। संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। इससे अंदेशा है कि महिला को अचानक काबू में कर वार किया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और गांव के संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर फोकस कर रही है। सात दिन बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ कोई बड़ा सुराग नहीं लगा है। अब पुलिस एक-एक कड़ी जोड़कर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
इधर, पुलिस ने बलि की आशंका पर पड़ताल शुरू की। इधर शव मिलने के समय मृतका के शरीर पर सोने की नाक-कान की ज्वेलरी और हाथ की अंगूठी सुरक्षित मिली थी। इससे लूटपाट की आशंका खारिज कर दी गई। वहीं शव के पास मिले झोले में हंसिया और खुरपी पुलिस को हाथ लगे। घरवालों ने इन सामानों को मृतका का नहीं बताया। पुलिस अब इन हथियारों के मालिक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मृतका की बहू उतरा देवी और बेटी से भी पुलिस ने घंटों पूछताछ की। मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल खंगाली गईं, लेकिन कोई ठोस कड़ी नहीं मिली।
-
मामले की अब तक पुलिस की पड़ताल
26 सितंबर : भुईधरपुर गांव के पास सड़क किनारे कलावती यादव का सिर कटा शव मिला। सिर कपड़े में लपेटकर 500 मीटर दूर फेंका गया था।
26 सितंबर दोपहर : पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की गर्दन एक ही झटके में काटी गई।
27–28 सितंबर : तांत्रिक बलि के एंगल पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की। गांव और आसपास के 10 तांत्रिकों की लिस्ट बनाई।
29 सितंबर : मृतका की बहू उतरा देवी और बेटी से पुलिस ने घंटों पूछताछ की। मोबाइल जब्त कर सीडीआर निकलवाए।
30 सितंबर–2 अक्तूबर : पुलिस ने भुईधरपुर व आस-पास के तांत्रिकों से पूछताछ की। कॉल डिटेल चेक की गईं। कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
3 अक्तूबर : शव के पास मिले हंसिया और खुरपी की जांच तेज की गई। घरवालों ने इन सामानों को मृतका का नहीं बताया।
अब तक : 20 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों की तलाश जारी। सात दिन बाद भी हत्या की गुत्थी अनसुलझी।