कोलकाता एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था जालसाजी का आरोपी, भेजा गया जेल
फर्जी तरीके से जमीन बेचने में केस दर्ज होने पर भाग गया था बैंकाक
गोरखपुर। पिपराइच इलाके में जमीन की जालसाजी कर बैंकाक भाग चुके जालसाजी के आरोपी को लुक आउट नोटिस पर कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करते हुए सिक्योरिटी टीम ने पकड़ लिया था। बुधवार को आरोपी महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक दिव्य नगर निवासी राम बेलास गुप्ता को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गोरखपुर आ गई। देर शाम मेडिकल कराने के बाद उसे जेल भिजवा दिया गया।
जानकारी के मुताबिक पिपराइच थाना क्षेत्र के चौरी निवासी चंद्र प्रताप सिंह ने गलत चौहद्दी डालकर उसकी जमीन गलत तरीके से बेचने का आरोप लगाते हुए एम्स थाना क्षेत्र के महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक दिव्य नगर निवासी राम बेलास गुप्ता उसके भाई हरिकेश गुप्ता और बांसगांव कस्बा निवासी हरेंद्र कुमार सिंह पर अप्रैल 2024 में केस दर्ज कराया था। केस दर्ज होते ही राम बेलास बैंकाक भाग गया था। वहीं पुलिस ने उसके भाई हरिकेश और रहेन्द्र को गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया था। राम बेलास की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम रखा था और उसके विदेश भागने की जानकारी के बाद लुक आउट नोटिस भी जारी कराया था। वह जैसे ही कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरा लुक आउट नोटिस होने की वजह से सुरक्षा कर्मियों ने उसे ट्रेस कर लिया और हिरासत में लेने के बाद गोरखपुर जिले की पिपराइच थाने की पुलिस को सूचना दी थी।
कोट
अप्रैल 2024 में दर्ज जालसाजी के मुकदमे में राम बेलास आरोपित था, विवेचना में पता चला कि वह बैंकाक भाग गया है, उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित करने के साथ ही लुक आउट नोटिस जारी कराया गया था, जैसे ही कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड किया वह पकड़ा गया। पिपराइच पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गोरखपुर आई है।
जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी नार्थ