झंगहा इलाके में तिलक कार्यक्रम में युवक पर किया गया था हमला
झंगहा। तीन दिन पहले नदुआज्ञानपार गांव में तिलकोत्सव के दौरान पीट-पीटकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मिश्रौलिया गांव के सागर निषाद, धीरज निषाद और गौतम के रूप में हुई है।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नदुआज्ञानपार काली टोला निवासी राजू उर्फ धीरज निषाद (22) तिलकोत्सव में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि उसी गांव व आस-पास के आठ लोगों ने मिलकर राजू की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया था। शनिवार शाम करीब चार बजे प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह ने बोहाबार पुल के पास सागर, धीरज और गौतम निषाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेजवा दिया गया।