आरोपी महिलाओं पर महिला दुकानदार पर कुछ फेंक कर अचेत होने का आरोप
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के बिछिया हनुमान मंदिर के पास बृहस्पतिवार दोपहर पांच संदिग्ध महिलाएं एक दुकान पर भिक्षा मांगने पहुंचीं। आरोप है कि जब दुकानदार अनीता ने उन्हें 10 रुपये दिए तो उन्होंने उन पर कुछ फेंक दिया, जिससे वह अचेत होकर गिर गईं। इसी बीच पहुंचे परिजनों ने आरोपी महिलाओं को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शाहपुर इलाके के जंगल तुलसीराम स्थित बिछिया हनुमान मंदिर के पास सुखराज प्रसाद का मकान है। उनका परिवार यहां किराना स्टोर चलाता है। बृहस्पतिवार दोपहर उनकी बहू अनीता देवी दुकान पर मौजूद थीं, तभी पांच संदिग्ध महिलाएं पूजा के लिए भिक्षा मांगने आईं। अनीता देवी ने काउंटर से 10 रुपये दिए, लेकिन आरोप है कि महिलाओं ने अनीता पर कुछ फेंक दिया। इस पर वह अचेत हो गईं। इसी बीच अनीता के ससुर और अन्य परिवार के सदस्य पहुंच गए। इससे घबरा कर आरोपी महिलाएं भागने लगीं, लेकिन परिवार ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय ने बताया कि पूछताछ में महिलाएं देवरिया की रहने वाली बताई जा रही हैं। चिलुआताल में रहकर घूम-घूम कर भिक्षा मांगती हैं। हालांकि उन्होंने किसी चीज़ को फेंकने या सुंघाने की बात से इन्कार किया है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।