धनतेरस को लेकर दोपहर 1:45 तक हुई खरीदारी
पूरे दिन दिवाली को लेकर बाजार रहा गुलजार, लगभग 500 करोड़ का हुआ व्यापार
गोरखपुर। धनतेरस को लेकर जहां शनिवार को लोगों ने खरीदारी की वहीं रविवार को भी त्रियोदिशी तिथि में दोपहर 1:45 बजे तक खरीदारी चलती रही। इसमें बर्तन व लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदी गईं। हालांकि दिवाली को लेकर पूजन सामग्री सहित अन्य सामग्रियों की खरीदारी भी रात तक होती रही। सड़कों पर देर रात तक चहल-पहल होती रही। दुकानों के सामने भीड़ देखी गई। लगभग 500 करोड़ का कारोबार हुआ।
दिवाली को लेकर रविवार को बाजारों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। एक तरफ जहां धनतेरस के दिन शनिवार को खरीदारी से वंचित लोगों ने बर्तन, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा व अन्य सामग्रियों की खरीदारी की गई। लोगों ने मिट्टी के दीए, लावा, गट्टा, लाई, बत्ती, तेल, पूजन सामग्री, फूल माला, कमल का फूल, कमल गट्टा, टेराकोटा की सामग्री, प्लास्टिक के सजावट के सामान, पाटाखा, झालर, फल, पर्दा, किराना, गहना, वाहन आदि खरीदे। बाजारों में दोपहर होते ही भीड़ बढ़ गई जो रात तक रही।
शहर के गोलघर में टाउनहाल स्थित बर्तन की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। व्यापारी शिव कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार की तरह रविवार को भी बर्तनों की बिक्री हुई। रविवार को स्टील के बर्तन लोग ज्यादा खरीदे। दोनों दिनों में पीतल, तांबा, फूल व स्टील की बर्तनों का मिलाजुला बिक्री रहा। वहीं टाउन हाल रोड पर ही लोग लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा खरीदे व गोलघर में लगभर हर अस्थाई व स्थाई दुकानों पर भीड़ देखी गई। चेंबर आफ ट्रेडर्स साहबगंज के अध्यक्ष अनूप किशोर अग्रवाल ने बताया कि दिवाली को लेकर बाजारों में रविवार को लगभग कुल 500 करोड़ का व्यापार हो जाने का अनुमान है।
असुरन, पांडेयहाता व कुनराघाट में भी रही भीड़
शहर के असुरन चौक पर मोहद्दीपुर की तरफ जाने वाली सड़क पर दुकानों पर लोगों की भीड़ दोपहर से ही रही। वहीं मध्य प्रदेश से आए दुकानदार लोहे की कड़ाही व अन्य सामान बेच रहे थे जिसको लोगों ने खरीदा। इसके साथ ही लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा, मिट्टी के दीये, लावा, गट्टा, लाई, बत्ती की दुकानों पर भी भीड़ रही। इसके साथ ही पांडेयहाता में तो दिवाली बाजार को लेकर पैदल चलना मुश्किल था। इसके साथ ही कुनराघाट में काली मंदिर से लेकर गिरधरगंज बाजार तक लोग खरीदारी करते नजर आए। दुकानें काफी देर रात तक खुली रहीं। रात को भी दिन की तरह भीड़ शहर के अन्य बाजारों में भी रही।
मिठाई की दुकानों पर उमड़े लोग
मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ ज्यादा देखी गई। यह भीड़ देर शाम को ज्यादा रही। लोगों ने ज्यादा तर ड्राईफ्रूट्स से बनी मिठाइयों की खरीदारी की। हालांकि यह मिठाइयां लगभग 600 से 1500 रुपये किलो के आसपास बिकीं। इसके साथ ही लड्डू भी गणेश को चढ़ाने के लिए ज्यादा खरीदे गए। वहीं व्यापारी देवा केशवानी ने बताया कि लगभग ज्यादा मिठाई जिले में बिकी है। इससे लगभग 100 करोड़ का व्यापार हुआ है।