गोरखपुर। देर से चल रही पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस की वजह से गोरखपुर से शनिवार रात पुणे जाने वाली गोरखपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन भी लेट हो गई। पिछले मामलों से सबक लेते हुए रेल प्रशासन ने इस बार इस ट्रेन को एक बार में ही 35 घंटे री शेड्यूल कर दिया। अब यह ट्रेन सोमवार सुबह 10:25 बजे रवाना होगी। समय से इसकी सूचना मिल जाने से यात्रियों ने राहत की सांस ली और स्टेशन पर रात बिताने के बजाय लोग अपने घर चले गए। अब वे सोमवार को निर्धारित समय पर स्टेशन आएंगे।
समर स्पेशल ट्रेनों की अधिकता के चलते सभी गाड़ियों का समय बिगड़ गया है। गोरखपुर-पुणे-गोरखपुर समर स्पेशल भी हर दिन लेट हो रही है। गोरखपुर-दादर स्पेशल 37 घंटे की देरी से शनिवार की भोर में रवाना हुई। इसके यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि यह ट्रेन कई बार री शेड्यूल हुई थी। इसके बाद 01432 पुणे समर स्पेशल ट्रेन को शनिवार रात 11:25 बजे गोरखपुर से रवाना था, लेकिन पुणे से आने वाली ट्रेन अभी चली नहीं थी जिस वजह से रेलवे प्रबंधन ने इसे एक बार में ही 35 घंटे री शेड्यूल कर दिया। अब यह ट्रेन सोमवार को सुबह 10:25 बजे गोरखपुर से जाएगी।
अभी तक ट्रेनों को थोड़ी-थोड़ी देर पर री शेड्यूल किया जा रहा था जिससे दूर-दराज के यात्रियों को मजबूरन प्लेटफॉर्म पर रात गुजारनी पड़ रही थी। परिवार संग आए लोगों को इससे काफी परेशानी हो रही थी। करीब 10 दिन पहले गोरखपुर-अमरनाथ एक्सप्रेस दो-दो घंटे करके 42 घंटे की देरी से गई थी। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई थी, अमर उजाला ने यात्रियों की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद रेल प्रशासन ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए एक बार में ही 35 घंटे के लिए री शेड्यूल कर दिया है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें काफी कम हुई हैं।
-