कैंपियरगंज का मामला, रंजिश में बाहरी युवकों ने की मारपीट, चार आरोपियों पर केस दर्ज
कैंपियरगंज। थानाक्षेत्र में मंगलवार को एक इंटर कॉलेज के गेट पर बाहरी युवकों ने रंजिश के चलते छात्र मुकेश का सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने आए छात्र अंकित का भी युवकों ने सिर फोड़ दिया। पीड़ित मुकेश की तहरीर पर कैंपियरगंज पुलिस ने महराजगंज के फरेंदा बरातगाड़ा निवासी रोशन, कैंपियरगंज के विशुनपुरा निवासी विवेक यादव, महाराजगंज के पनियरा निवासी बृजेश और सत्यम मौर्या के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज के खजूरिया गांव निवासी मुकेश यादव, जनार्दन सिंह स्मारक इंटर कॉलेज बरगदही का कक्षा 12वीं का छात्र है। मुकेश ने पुलिस को बताया कि दो सितंबर को छुट्टी के बाद जैसे ही वह कॉलेज गेट से बाहर निकला, उसी समय गेट पर पहले से घात लगाए बैठे महराजगंज के फरेंदा बरातगाड़ा निवासी रोशन, कैंपियरगंज के विशुनपुरा निवासी विवेक यादव, महाराजगंज के पनियरा निवासी बृजेश और सत्यम मौर्या ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर डंडे और हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। हमले में मुकेश का सिर फट गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। हमलावरों ने उसे लात-घूसों से भी पीटा, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। इसी दौरान छात्र अंकित अग्रहरि ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उस पर भी आरोपियों ने हमला बोल दिया। अंकित का भी सिर फट गया। पीड़ित छात्रों ने बताया कि हमलावर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। थानाध्यक्ष कैंपियरगंज राकेश कुमार रोशन ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चारों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।