गोरखपुर। माॅडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली में फर्जी तरीके से नियुक्ति पाने वाले दो कर्मचारी आरआरबी, गोरखपुर में तैनात वरिष्ठ कर्मचारियों के बेटे हैं। जानकारी होने के बाद एक कर्मचारी का तबादला कर दिया गया। जबकि दूसरा नियुक्ति पैनल इंचार्ज सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
रेलवे भर्ती बोर्ड अध्यक्ष नुरुद्दीन अंसारी ने मामले पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि यदि ये दोनों उम्मीदवार कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं, तो उन्हें धोखाधड़ी से पैनल में शामिल होने में लिप्त होने के कारण तत्काल सेवा से मुक्त किया जाए। इस कार्यालय से सूचना मिलने तक पैनल के अन्य उम्मीदवारों पर कार्रवाई रोकी जाए। पैनल में अन्य उम्मीदवारों के नामों की समीक्षा की जा रही है। नया पैनल जल्द ही जारी होगा।
26 अप्रैल 2024 को टेक्निकल ग्रेड थर्ड फिटर के पद पर हुई नियुक्ति की समीक्षा में पाया गया कि क्रमांक संख्या 6 पर सौरभ कुमार और 7 पर राहुल प्रताप के नाम गलत तरीके से शामिल कर दिए गए हैं। फर्जी तरीके से नियुक्त मिलने पर दोनों उम्मीदवारों सौरभ कुमार और राहुल प्रताप के नाम पैनल से हटा दिया गया है और नियुक्ति पर रोक लगा दी गई है। इस फर्जीवाड़े को देखते हुए पैनल में शामिल अन्य नामों की समीक्षा की जा रही है।