बिना मान्यता के सिसौदिया नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज संचालित करने का आरोप
पिपराइच थाना प्रभारी के खिलाफ प्रबंधन के खिलाफ दी तहरीर
पिपराइच। सिसौदिया नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज गेट पर शनिवार सुबह 10 बजे विद्यार्थियों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि बिना मान्यता के कॉलेज का संचालन हो रहा है। यहां की डिग्री भी फर्जी है। इसके बाद थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह को प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी ने जिला प्रशासन के आदेश पर केस दर्ज करने का आश्वासन देकर सभी को घर भेज दिया।
नर्सिंग और पैरामेडिकल के विद्यार्थी सुबह 10 बजे कॉलेज पर पहुंचे। गेट पर ताला लगा देख उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पिपराइच थाने पहुंचकर प्रबंधन के खिलाफ तहरीर देकर शिकायत दी। कॉलेज के छात्र अमित तिवारी, रिंकी यादव, कल्पना यादव समेत करीब 15 विद्यार्थी थाने पहुंचे थे। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम आनंद सिंह से मिलकर आरोप लगाया कि 2021 से बिना मान्यता के ही पैरामेडिकल काॅलेज का संचालन हो रहा है। इस दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों से लाखों रुपये की वसूली की गई।
नौकरी के लिए आवदेन करने पर सर्टिफिकेट फर्जी बताने का आरोप
आरोप लगाया कि सर्टिफिकेट मिलने के बाद विद्यार्थी नौकरी के लिए कुछ संस्थानों में गए। आवेदन करने पर सर्टिफिकेट को फर्जी बताया गया। तब कॉलेज के फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ। इसके बाद कॉलेज में शिकायत व हंगामा करने के बाद एक माह में फीस वापस करने का समझौता हुआ। लेकिन, कॉलेज प्रबंधन ने रुपये वापस नहीं किए। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि अगर मामले में न्याय नहीं मिला तो वे मुख्यमंत्री योगी से मिलकर शिकायत करेंगे।
आरोप को बताया बेबुनियाद
काॅलेज के निदेशक अशोक कुमार सिंह ने छात्रों के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि कॉलेज को पैरामेडिकल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग काउंसिल, दिल्ली से मान्यता मिली है। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। इस संबंध में पिपराइच के थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम आनंद सिंह ने बताया कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है, उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी।