अब तक मोतीराम तक ही चलती हैं बसें, मंगलवार को हुआ रूट का सर्वे
गोरखपुर। महेसरा से चौरीचौरा तक अब सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। मंगलवार को इस रूट पर इलेक्ट्रिक बस भेजकर विस्तृत सर्वे किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शासन से मंजूरी के बाद इस रूट पर बसों का संचालन किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि बहुत जल्द ही इस रूट पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने लगेंगी।
अब तक सिटी बसें केवल मोतीराम तक ही संचालित होती हैं। लगातार बढ़ती मांग और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अब इसका विस्तार चौरीचौरा तक करने का निर्णय लिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस सेवा शुरू होने से चौरीचौरा, महेसरा, भटहट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को गोरखपुर शहर, गोरखनाथ मंदिर और अन्य स्थानों तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी। यात्रियों का कहना है कि निजी वाहनों या ऑटो रिक्शा की तुलना में सिटी बसें न सिर्फ किफायती होंगी बल्कि सुरक्षित और आरामदायक सफर भी प्रदान करेंगी। यह सुविधा विशेष रूप से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीण यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इलेक्ट्रिक बस सेवा पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार लाएगी।