गोरखपुर। नया गोरखपुर के लिए बालापार और मानीराम में समझौते के आधार पर काश्तकारों से खरीदी गई जमीन से मिट्टी चोरी के मामले में जीडीए ने एक ठेकेदार पर केस दर्ज कराया है। जीडीए की तरफ से एनएचएआई के परियोजना निदेशक को ठेकेदार का भुगतान रोकने के लिए भी पत्र लिखा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पखवारे भर पहले जीडीए को सूचना मिली कि मानीराम और बालापार में काश्तकारों से खरीदी गई जीडीए की जमीन पर अवैध रूप से मिट्टी खनन की जा रही है। जीडीए सचिव उदय प्रताप सिंह ने जांच की तो जगह-जगह गड्ढे मिले। इसके बाद खनन के आकलन के लिए ड्रोन से सर्वे कराया गया। मिट्टी खनन की फोटोग्राफी भी कराई गई थी।
जीडीए सचिव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में एक ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जो मिट्टी निकाली गई है, उसकी कीमत की वसूली के लिए एनएचएआई के परियोजना निदेशक को पत्र लिखा जाएगा।