कई दिनों से डेंगू से पीड़ित थे शशांक, होनहार युवा के निधन से क्षेत्र में शोक
बड़हलगंज। क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार रात मुजौना गांव निवासी राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी शशांक तिवारी की डेंगू से मौत हो गई। उनकी मौत से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है।
जानकारी के अनुसार, शशांक तिवारी पुत्र वीरेंद्र तिवारी पिछले कुछ दिनों से डेंगू से पीड़ित थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन रविवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार, शशांक एक होनहार राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी थे। उनकी उपलब्धियों से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ा था।
हाल के दिनों में बड़हलगंज क्षेत्र में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक कई लोगों की मौत डेंगू से हो चुकी है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत से तत्काल फॉगिंग व छिड़काव कराने की मांग की है। सोमवार को क्षेत्र में शशांक की याद में शोक सभा आयोजित की गई, जहां लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान प्रशासन से डेंगू नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की अपील की।