यूनिवर्सिटी चौराहे के पास हुआ हादसा, कैंट पुलिस ने दर्ज किया केस
खोराबार की रहने वाली थी महिला, पति के साथ इलाज कराने जा रही थीं अन्नपूर्णा
गोरखपुर। यूनिवर्सिटी चौराहे के पास रविवार पूर्वाह्न 11:30 बजे के करीब नगर निगम के डंपर ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दिया। इसमें महिला अन्नपूर्णा (52) की घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर डंपर काे कब्जे और चालक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, खोराबार थाना क्षेत्र के जयपुर गांव की अन्नपूर्णा (52) अपने पति हरिशंकर प्रजापति के साथ इलाज कराने स्कूटी जा रही थीं। पूर्वांह्न करीब 11:30 बजे यूनिवर्सिटी चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। इससे स्कूटी पर पीछे बैठीं अन्नपूर्णा डंपर की चपेट में आ गईं। उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि पति को हल्की चोटें आईं। पति हरिशंकर ने बताया कि वह पोस्ट ऑफिस में काम करते हैं। उन्होंने 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने डंपर नंबर यूपी-53-एफटी-9612 को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया। चालक की पहचान तिवारीपुर थाना क्षेत्र के हिमांशु यादव के रूप में हुई।
वह नगर निगम की कूड़ा गिराने वाली डंपर गाड़ी को चलाता है। वहीं हादसे के बाद यूनिवर्सिटी चौराहे पर जाम लग गया। पुलिस टीम ने रास्ता खुलवाया। कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने कहा कि मामले में डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
डंपर का नहीं था बीमा
बताया जा रहा है कि नगर निगम के डंपर का बीमा खत्म हो गया था। इसके बावजूद उसे सड़क पर दौड़ाया जा रहा था। लोगों का कहना है कि नगर निगम के चालक वाहनों को बेतरतीब तरीके से चलाते हैं। इसके पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।