पिछली बार कई योजनाएं दो-दो बार हो गई थी स्वीकृत
गोरखपुर। नगर निगम 468.07 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, सीवरेज, नाला निर्माण और जलापूर्ति के प्रस्ताव शासन को भेजने जा रहा है। इससे पहले निगम ने जीडीए, गीडा, लोनिवि सहित सभी निर्माण एजेंसी को पत्र भेजकर तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है जिससे प्रस्तावित परियोजनाओं का दोहराव रोका जा सकें। पिछली बार कई योजनाओं की दो बार स्वीकृति हो गई थी।
नगर निगम ने पिछले वित्तीय वर्ष में कई योजनाओं के प्रस्ताव शासन की स्वीकृति के लिए भेजे थे। इन प्रस्ताव शासन से स्वीकृति और बजट भी मिल गया था। जब नगर निगम वहां काम कराने पहुंचा तो पता चला कि ये सड़क-नाली तो जीडीए, लोनिवि या अन्य एजेंसी बना रही है। इसके बाद निगम को यह बजट सरेंडर करना पड़ा।
अब नगर निगम ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 241 कार्य, जिसकी कुल लागत 299.29 करोड़ रुपये है। सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत 91 कार्य, जिसकी अनुमानित लागत 168.78 करोड़ रुपये है, प्रस्तावित किए गए हैं। इन परियोजनाओं को शासन के पास स्वीकृति के लिए भेजने की तैयारी चल रही है।
नगर निगम ने इन प्रस्तावित कार्यों की सूची मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य अभियंता गोरखपुर विकास प्राधिकरण, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अभियंता आवास विकास परिषद और परियोजना अधिकारी डूडा को भेजी है।
कोट
पिछली बार की घटनाओं को देखते हुए सभी विभागों को पत्र भेजा गया है। इससे न सिर्फ परियोजनाओं में दोहराव रोका जा सकेगा, बल्कि मुख्यमंत्री की मंशा के मुताबिक संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।
- अमित शर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम