गोरखपुर नगर निगम में शामिल 10 नए वार्डों में संपत्ति कर के लिए सर्वे जारी है। चार वार्डों में अब तक करीब 17 हजार मकान चिह्नित हो चुके हैं। इसमें दो वार्डों में बिल वितरण हो गया है। वहीं दो में सर्वे पूरा होने के बाद अब नाम प्रकाशन किया जाएगा।
वर्ष 2018-19 में हुए सीमा विस्तार के अंतर्गत नगर निगम में 31 गांव शामिल हुए। उसके बाद 10 नए वार्डों का सृजन हुआ, जिसमें रानीडीहा, खोराबार, बड़गो, संझाई, मोहनपुर, गुलरिहा, हरसेवकपुर, भरवलिया, देवी प्रसाद नगर और गायघाट वार्ड बनाया।
नगर निगम के सीमा विस्तार के लिए नोटिफिकेशन की प्रक्रिया साल 2019 में ही पूरा कर ली गई थी। निगम में शामिल क्षेत्रों की पांच साल की अवधि पूरी हो चुकी है। इन वार्डों में जीआईएस सर्वे नहीं हुआ है। लिहाजा निजी फर्म के कर्मचारियों के जरिये नगर निगम घर-घर सर्वे करा रहा है।
सर्वे में खोराबार में 4572 और हरसेवकपुर में 4214 संपत्तियां चिह्नित हुईं। इन्हें नगर निगम ने नोटिस देने के बाद बिल का भी वितरण कर दिया है। इन लोगों को वित्तीय वर्ष 2024-25 से ही संपत्ति कर देना होगा। वहीं, रानीडीहा में 3529 और गुलरिहा में 4866 मकान चिह्नित हुए हैं। जल्द इन्हें संपत्तिकर का नोटिस दिया जाएगा।
मोहनपुर में चल रहा सर्वे
फिलहाल निजी फर्म मोहनपुर वार्ड में सर्वे कर रही है। वहां पर अभी तक 1283 संपत्तियां चिह्नित हुईं हैं। फर्म को काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें मोहल्लावार सभी मकानों को सीरियल नंबर और हाउस नंबर भी दिए जा रहे हैं।
नए वार्डों में टैक्स वसूली से बढ़ेगी आय
नगर निगम अब तक पुराने 70 वार्डों से ही संपत्ति कर की वसूली करता है। अब नए वार्डों में सर्वे होने के बाद इन लोगों को भी संपत्ति कर देना होगा। इससे निगम की आय भी बढ़ेगी। साथ ही निगम नए वार्डों में प्राथमिकता के साथ विकास कार्य कर रहा है।
नए वार्डों में सर्वे जारी है। खोराबार और हरसेवकपुर में बिल वितरण हो चुका है। गुलरिहा और रानीडीहा में जल्द ही नोटिस भेजा जाएगा। इनका प्रकाशन जल्द होने वाला है। जैसे-जैसे वार्डों में सर्वे पूरा होगा। उसके हिसाब से वसूली की जाएगी: दुर्गेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त