ऑनर किलिंग : आरोपी बोला- कोई पछतावा नहीं है, मैंने घर की इज्जत बचाई है
परिवार की माली हालत खराब होने पर गांव के व्यक्ति ने कराया दाह संस्कार
कैंपियरगंज (गोरखपुर)। कैंपियरगंज इलाके में ऑनर किलिंग के मामले में आरोपी युवक ने पुलिस की पूछताछ में कहा कि उसे कोई पछतावा नहीं है। उसने तो घर की इज्जत बचाई है। मां ने हमें इज्जत से पाला है लेकिन बहन ने सब मिट्टी में मिला दिया इसलिए उसे मार दिया।
आरोपी ने बताया कि बीते कई महीनों से बहन का प्रेम प्रसंग महाराजगंज जिले के रहने वाले उसके दोस्त से चल रहा था। वह जब चाहता, गांव आकर उसकी बहन से मिलता या उसे बुला ले जाता था। इससे गांव में काफी बदनामी हो रही थी। मां ने भी कई बार बहन को समझाया और दूसरी जगह शादी करने की बात कही, लेकिन वह जिद पर अड़ी रहती थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि पिता की मौत के बाद मां ने हमें बड़ी मुश्किल से पाला। बहन की मौत से परिवार पर लगा दाग मिट जाएगा। शहर में रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहा छोटा भाई भी अब सिर उठाकर जी सकेगा। बहन की करतूत के चलते वह गांव नहीं आ रहा था।
आरोपी की मां ने बताया कि बेटी अगर अपने भाई की बात मान लेती तो आज जिंदा होती। बेटे ने जो किया वह गलत है। हालात ने उसे अंधा बना दिया।
गरीबी और कर्ज के बोझ में टूटा परिवार
आरोपी की मां ने बताया कि पति की मौत के बाद तीनों बच्चों की परवरिश और पढ़ाई के लिए खेत को बंधक रख दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बनवाया था। खेत गिरवी है और कमाने वाला बेटा जेल चला गया। बेटी का दाह संस्कार तो गांव के एक भले व्यक्ति के पैसे से हुआ। अब आगे के कर्मकांड के लिए पैसे नहीं हैं। रातों की नींद उड़ गई है।
महिलाओं ने की सख्त कानून की मांग
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। गांव की कई महिलाओं ने कहा कि प्रेम प्रसंग में धोखा देकर शादी से इन्कार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि कोई लड़की अपनी जान न गंवाए और कोई भाई इस हद तक न पहुंचे।