गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। पहले दिन आवेदन प्रक्रिया में एनआरआई छात्रों ने आवेदन किया है।
कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि बीटेक की 1,189 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। इसमें 1,086 उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों और 103 सीटें अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए हैं। जेईई-मेन की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। बीटेक लेटरल एंट्री, बीबीए, बीफार्म व बीफार्म लेटरल एंट्री में सीयूईटी के जरिए प्रवेश लिया जाएगा। बताया कि एमटेक, एमबीए और एमएससी में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एमटेक की 12 शाखाओं में कुल 216 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। वरीयता क्रम में गेट और सीयूईटी से प्रवेश लिया जाएगा।
इसके बाद भी सीटें खाली रहीं तो मालवीय प्रवेश परीक्षा (एमईटी) के जरिए प्रवेश दिया जाएगा। एमबीए की 75 सीटों के लिए वरीयता क्रम में कैट, सीमैट और सीयूईटी के माध्यम से प्रवेश लिया जाएगा। एमएससी (मैथ, फिजिक्स व केमिस्ट्री) की 90 सीटों पर वरीयता क्रम में सीयूईटी और एमईटी के जरिए प्रवेश लिया जाएगा।