चिल्लूपार। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी संदीप प्रसाद के लिए विदेश में नौकरी का सपना दुस्वप्न बन गया है। दुबई में उसे गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया है। परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद रविकिशन शुक्ला से मदद मांगी। अब बांसगांव के सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान और गोरखपुर डीएम से भारतीय दूतावास से संपर्क कर सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगा रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि दिसंबर 2024 में दुबई की नोजूम अल उमर टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट कंपनी में पेंटर की नौकरी करने गए संदीप के नाम से बंग्लादेशी मन्ना शेख और एमडी अकरम शेख ने विभिन्न बैंकों में खाते खोलकर छह एटीएम और आठ मोबाइल सिम के जरिये लाखों रुपये का लोन कराया।
समय पर किश्त न चुकाने पर जब संदीप को इस धोखाधड़ी का पता चला तो 18 सितंबर 2025 को दुबई की सीआईडी पुलिस ने उसे आबूधाबी सेंट्रल जेल में बंद कर दिया। परिजन का कहना है कि संदीप पूरी तरह से निर्दोष है और अनजाने में फ्रॉड में फंस गया। संदीप के पिता फिरंगी प्रसाद और माता लालती देवी ने कहा कि बेटे को जल्द सुरक्षित घर वापस लाया जाए।