शाहपुर इलाके के जेल बाईपास का मामला, छीना-झपटी में महिला गिरकर घायल
मायके जा रही थी महिला, चचेरी बहन की छह फरवरी को शादी
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के जेल बाईपास स्थित ट्रैक्टर एजेंसी के पास बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार बदमाश ई-रिक्शा में बैठी महिला का पर्स छीनकर भाग गए। छीना-झपटी में महिला भी गिरकर घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का उपचार कराकर घर भेज दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे से बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, कैंट इलाके के इंदिरा नगर की अन्नू मौर्या का मायका शाहपुर इलाके के मोहनापुर स्थित चुन्नीपुर में है। मायके में छह फरवरी को चचेरी बहन की शादी है। इसमें शामिल होने के लिए वह बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे इंदिरानगर से ई-रिक्शा में बैठकर मोहनापुर मायके जा रही थीं। अभी ई-रिक्शा पादरी बाजार चौराहे से 200 मीटर पहले ट्रैक्टर एजेंसी के पास पहुंचा था कि पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला की पर्स छीन ली और पादरी बाजार की तरफ भाग निकले।
पर्स छीनने के दौरान महिला ई-रिक्शा से गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का प्राथमिक उपचार कराने के बाद सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि पर्स में करीब 4 लाख के गहने थे। इस संबंध में सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। बहुत जल्द पकड़ लिए जाएंगे।