गोरखपुर से डोमिनगढ़ के बीच तीसरी लाइन बिछाने के लिए हुआ कार्य, 250 रेलवे कर्मी लगाए गए
गोरखधाम रही निरस्त, वैशाली, गोरखपुर-आनंद विहार और बिहार संपर्क क्रांति बढ़नी के रास्ते चलाई गई
26 सितंबर तक रेल प्रशासन ने लिया है मेगा ब्लॉक, यात्रियों को झेलनी पड़ेगी सांसत
गोरखपुर। गोरखपुर-डोमिनगढ़ तीसरी लाइन और नकहा-गोरखपुर दोहरीकरण काम के लिए मंगलवार को रेल प्रशासन ने 9:30 घंटे का मेगा ब्लॉक लिया। इसके चलते गोरखपुर से बनकर जाने वाली हमसफर, गोरखधाम एक्सप्रेस सहित सभी ट्रेनें निरस्त रहीं। दिल्ली जाने वाली वैशाली और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस भी सिवान से डायवर्ट कर दी गई, इसके चलते यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पूरे दिन स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा, रात में करीब साढ़े नौ बजे सप्तक्रांति एक्सप्रेस आई तो ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों की भीड़ टूट पड़ी। बिहार से ही ट्रेन पैक होने के चलते यहां बहुत कम ही लोग सवार हो पाए, बाकी लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
रेल प्रशासन ने 26 सितंबर तक मेगा ब्लॉक लिया है। इस दौरान तीसरी लाइन पर नॉन इंटरलॉकिंग का काम कराया जाएगा। इसके बाद 26 सितंबर को ही रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण करेंगे। इस दौरान 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाई जाएगी। इसके बाद ट्रेनों का आवागमन सामान्य हो पाएगा। मंगलवार को पूरे दिन दिल्ली जाने वाले यात्री परेशान रहे। गोरखपुर होकर सप्तक्रांति एक्सप्रेस के अलावा देर रात अवध असम एक्सप्रेस गुजरी। दोनों ही ट्रेनों में ठसाठस भीड़ हो गई।
वैशाली एक्सप्रेस से दिल्ली जाने के लिए रमेश और राकेश पांडेय ने टिकट आरक्षित कराया था। लेकिन, ट्रेन डायवर्ट हो गई तो उन्होंने सप्तक्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से ही गए। स्टेशन आए मधुसूदन शर्मा ने बताया कि हरनही से वे आए हैं। ट्रेनें निरस्त हैं तो वे अब बस से दिल्ली जाएंगे। इसी तरह बहुत सारे यात्रियों को ट्रेन न चलने से परेशानी झेलनी पड़ी।
-
नौ घंटे 250 रेलकर्मियों ने किया काम
गोरखपुर से डोमिनगढ़ के बीच तीसरी लाइन बिछाने के लिए दो क्रेन और करीब 250 रेलकर्मी लगाए गए थे। गोरखनाथ नए पुल के नीचे कट लाइन बिछाने का काम कराया गया। इसके अलावा ओएचई के कार्य को परखा गया। रेलवे क्राॅसिंग, पॉइंट्स, एक्सल काउंटर, ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट्स, सिगनल और ट्रैक का अनुरक्षण किया गया। स्टेशनों के पैनल टेस्टिंग, पॉइंट को बदलने का कार्य और स्लीपर की लोडिंग की गई।
कोट
गोरखपुर-डोमिनगढ़ तीसरी लाइन तथा नकहा दोहरीकरण निर्माण परियोजना का कार्य पूरा हो जाने से लाइन क्षमता में वृद्धि होगी तथा मांग के अनुरूप अधिक संख्या में ट्रेनें तीव्र गति से चलाई जा सकेंगी। यात्री ट्रेनों का संचलन और अधिक सुचारू रूप से होगा तथा ट्रेनों के समय पालन में सुधार होगा। इससे यात्रियों के यात्रा समय में बचत होगी।
पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ एनईआर
आज से होंगी ज्यादा मुश्किलें, 17 और ट्रेनें नहीं चलेंगी
गोरखपुर। मेगा ब्लॉक के चलते बुधवार से यात्रियों का सफर और ज्यादा मुश्किलों भरा होगा। पहले से निरस्त 25 ट्रेनों के अलावा 17 और ट्रेनें नहीं चलेंगी। ये ट्रेनें जम्मू, मुंबई, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ रूट की हैं।
-
ये ट्रेनें निरस्त रहेंगी
गोरखपुर-बहराइच-गोरखपुर विशेष गाड़ी
जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस
गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस
गोरखपुर-कानपुर अनवरगंज चौरीचौरा एक्सप्रेस
गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस
गोरखपुर-सम्भलपुर एक्सप्रेस
गोरखपुर- लखनऊ इंटरसिटी
गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस
15025 मऊ-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस
पाटलिपुत्र-गोरखपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस
गोरखपुर-प्रयागराज जं.-गोरखपुर एक्सप्रेस
पाटलिपुत्र-गोरखपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस